Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। सुपेला चौक से गदा चौक तक प्रस्तावित करीब एक किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर को लेकर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में विरोध के स्वर सामने आए हैं। गणेश मार्केट, सुपेला व्यापारी संघ तथा होलसेल होजियरी रेडीमेड एंड क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सांसद दुर्ग लोकसभा विजय बघेल के सेक्टर-5 स्थित निज निवास कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित कर इसकी उपयोगिता और जनहित के दृष्टिकोण से दोबारा समीक्षा कराने की मांग की।
व्यापारियों का कहना है कि सुपेला चौक से गदा चौक तक का मार्ग महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में दुकानें संचालित हैं। उनके मुताबिक मार्ग की चौड़ाई करीब 100 से 150 फीट है और वर्तमान में आवागमन को लेकर कोई बड़ी समस्या नहीं है। ऐसे में फ्लाईओवर बनने के बाद सर्विस रोड, चौराहों और आसपास के बाजारों में यातायात एवं पार्किंग की समस्या बढ़ने की आशंका है।
व्यापारी संगठनों ने सांसद से मांग की कि निर्माण शुरू करने से पहले स्वतंत्र और तकनीकी ट्रैफिक सर्वे कराया जाए। साथ ही फ्लाईओवर से होने वाले संभावित आर्थिक प्रभाव, व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पड़ने वाले असर, ग्राहकों की आवाजाही, पार्किंग व्यवस्था और निर्माण के दौरान होने वाली असुविधाओं का भी आकलन किया जाए। व्यापारियों ने सर्वे की रिपोर्ट और परियोजना से संबंधित डीपीआर एवं तकनीकी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है।
व्यापारियों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या प्रस्तावित फ्लाईओवर वास्तव में यातायात समस्या का स्थायी समाधान है। उन्होंने वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की संभावनाओं का अध्ययन करने और परियोजना से प्रभावित व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ पारदर्शी जनसुनवाई कराने की मांग रखी।
व्यापारी संगठनों के अनुसार, क्षेत्र में करीब 500 व्यापारियों के हित प्रभावित होने की आशंका है। उनका कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें स्थानीय व्यापार, यातायात व्यवस्था और आम लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि फ्लाईओवर बनने से बड़ी संख्या में दुकानदारों के सामने व्यापार प्रभावित होने की स्थिति पैदा हो सकती है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से फ्लाईओवर निर्माण को तत्काल स्थगित करने, स्वतंत्र तकनीकी एवं ट्रैफिक सर्वे कराने, प्रभावित व्यापारियों और नागरिकों के साथ जनसुनवाई करने, परियोजना की डीपीआर एवं तकनीकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा आवश्यकता प्रमाणित नहीं होने पर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर विचार करने की मांग की गई।
सांसद विजय बघेल ने व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना पर पुनर्विचार करने को कहा। अब व्यापारियों की नजर प्रशासन और संबंधित विभाग की आगे की कार्रवाई पर है।

