रायपुर में 9 लाख कैश के साथ सट्टा गैंग पकड़ाया, हिस्ट्रीशीटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, ऑनलाइन-ऑफलाइन लगा रहे थे दांव

रायपुर में 9 लाख कैश के साथ सट्टा गैंग पकड़ाया, हिस्ट्रीशीटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, ऑनलाइन-ऑफलाइन लगा रहे थे दांव

Raipur Betting Gang Busted रायपुर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा संचालित करने वाले आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 9.05 लाख रुपये नकद और करीब 13 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में गुढ़ियारी क्षेत्र के राजा साहू और अभय साहू, खमतराई के मंजीत सिंह, आजाद चौक के रोहित मोटवानी और हरीश सकलेचा तथा पुरानी बस्ती के आकाश सिन्हा शामिल हैं। सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबिश देकर पकड़ा गया।

स्मृतिक राजनाला ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने राजा साहू और अभय साहू को मौके से गिरफ्तार किया। उनके मोबाइल की जांच में खुलासा हुआ कि वे ऑनलाइन बेटिंग वेबसाइट की मास्टर आईडी के जरिए सट्टा संचालन कर रहे थे। आरोपी खिलाड़ियों को आईडी उपलब्ध कराकर कमीशन लेते थे और फोन कॉल के माध्यम से क्रिकेट मैच पर दांव लगवाते थे।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के लिए काम करते हैं। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर अन्य स्थानों पर छापेमारी की और हिस्ट्रीशीटर मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा तथा आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मंजीत सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास और जुआ एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट के साथ-साथ “पट्टी” के जरिए ऑफलाइन सट्टा संचालन में भी सक्रिय थे।

Read More : बिलासपुर में 17 बकरियों की संदिग्ध मौत, पेट फटे मिले, शरीर पर थे जख्म, पुलिस ने वन्यजीव हमले की आशंका जताई


Related Articles