बेमेतरा। Bemetara News मनरेगा को बचाने और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत पंचायत स्तरीय जनसंपर्क पदयात्रा का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में चौथी पदयात्रा आज जिला बेमेतरा के ग्रामीण अंचलों में निकाली गई।
Bemetara News यह पदयात्रा ग्राम पिपरभट्ठा से प्रारंभ होकर बहेरा, कुसमी, खुड़मुड़ी (नवा), बावमोहतरा होते हुए ग्राम भोईनाभाठा तक पहुंची। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और मनरेगा से जुड़ी जमीनी समस्याओं को सुना।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह जनआंदोलन बस्तर से 8 किलोमीटर की पदयात्रा के साथ शुरू हुआ था। इसके बाद जिला रायपुर में 8 किलोमीटर तथा जिला राजनांदगांव में 6.5 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी की गई। इस प्रकार अब तक कुल 22.5 किलोमीटर की दूरी तय की जा चुकी है।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा के तहत काम के अवसर लगातार घटाए जा रहे हैं और मजदूरी भुगतान में गंभीर देरी हो रही है। इससे ग्रामीण मजदूरों का जीवन-यापन मुश्किल हो गया है। उन्होंने इसे गरीब और मजदूर विरोधी नीति करार देते हुए कहा कि मनरेगा कोई योजना नहीं, बल्कि गरीबों का कानूनी अधिकार है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मनरेगा पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी हर गांव, हर मजदूर के साथ मजबूती से खड़ी है। जनसंपर्क पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस मनरेगा से जुड़े मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाकर जनआंदोलन को और मजबूत करेगी।
पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, मजदूर, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

