अक्षर पटेल साउथ अफ्रीका सीरीज से बाहर, BCCI ने किया कंफर्म, 31 वर्षीय ऑलराउंडर की चमकी किस्मत

अक्षर पटेल साउथ अफ्रीका सीरीज से बाहर, BCCI ने किया कंफर्म, 31 वर्षीय ऑलराउंडर की चमकी किस्मत

India Vs South Africa T20 Series : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच इन दिनों पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है। भारत सीरीज में 2-1 से आगे है। चौथा मुकाबला बुधवार को लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। चौथे मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल सीरीज के बचे हुए दो मैचों से बाहर हो गए हैं। वह बीमार हैं। अक्षर तबीयत खराब होने के कारण रविवार को धर्मशाला में तीसरे मैच में नहीं खेले थे। ऐसे में 31 वर्षीय स्पिन ऑलराउंडर शाहबाज अहमद की किस्मत चमकी है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अक्षर के रिप्लेसमेंट के रूप में शाहबाज को स्क्वॉड में शामिल किया है।

लखनऊ में टीम के साथ हैं अक्षर

बीसीसीआई ने सोमवार को एक बयान में कहा, ”टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी की वजह से साउथ अफ्रीका के खिलाफ बाकी दो टी20 मैचों से बाहर हो गए हैं। हालांकि, वह लखनऊ में टीम के साथ हैं, जहां उनका आगे मेडिकल असेसमेंट किया जाएगा। पुरुषों की सिलेक्शन कमिटी ने लखनऊ और अहमदाबाद में होने वाले टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए शाहबाज अहमद को उनकी जगह टीम में शामिल किया है।” वह दो साल बाद टीम में लौटे हैं। शाहबाज ने भारत के लिए पिछला मैच अक्टूबर 2023 में खेला था। वह तीन वनडे और दो टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 2022 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

अक्षर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में 44 रन बनाए और चार विकेट लिए। अक्षर की जगह तीसरे मैच में स्पिनर कुलदीप यादव को मौका मिला था। भारत ने कम स्कोर वाले मैच में साउथ अफ्रीका को सात विकेट से रौंदकर सीरीज में बढ़त बनाई। शाहबाज ने भारत के लिए कुल पांच विकेट लिए हैं। उन्हें रणजी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में जगह मिली है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी दो टी20 के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, शाहबाज अहमद।

Read More : करंट से मौत मामले में नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार, वन्यप्राणियों का शिकार करने बिछाया था करंट तार, जानिए क्या है पूरा मामला


Related Articles