बस्तर। बस्तर पुलिस ने मध्यप्रदेश के धार जिले के कुख्यात गैंग से जुड़े एक सक्रिय आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों को खपाने का काम करता था। कार्रवाई थाना बस्तर पुलिस ने की है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कुल 83 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 60 स्थायी वारंट लंबित बताए जा रहे हैं। इससे पहले इसी गैंग के चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, थाना बस्तर में दर्ज अपराध क्रमांक 15/2024 धारा 457, 380, 34 भादवि तथा अपराध क्रमांक 116/2025 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए पहले पारस अलावा उर्फ अम्लियार, दीतू अलावा उर्फ अम्लिया, भुवन सिंह अलावा और पंकेश अनारे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि चोरी के आभूषणों को मध्यप्रदेश के धार जिले का निवासी रमेश चौहान खपाता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शलभ कुमार सिन्हा और एएसपी महेश्वर नाग के निर्देशन में पुलिस टीम को मध्यप्रदेश रवाना किया गया। टीम ने धार जिले के थाना टांडा क्षेत्र के ग्राम पिपलदलिया में दबिश देकर 40 वर्षीय रमेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गिरफ्तार चारों आरोपियों से चोरी का माल लेकर उसे आगे बेचता था। जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ कई राज्यों में 83 अपराध दर्ज हैं और 60 स्थायी वारंट लंबित हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले दो महीनों में धार गैंग के कुल पांच सक्रिय आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बस्तर जिले के आड़ावाल, सनसिटी हाउसिंग बोर्ड और बस्तर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा इसी कार्रवाई के बाद हुआ है।

