Barse Deva Surrender : बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कामयाब, हिडमा का करीबी और PLGA कमांडर बारसा देवा के आत्मसमर्पण की खबर

Barse Deva Surrender : बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कामयाब, हिडमा का करीबी और PLGA कमांडर बारसा देवा के आत्मसमर्पण की खबर

Barse Deva Surrender जगदलपुर | नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग से एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है। शीर्ष नक्सली हिडमा के करीबी माने जाने वाले और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) के कमांडर बारसा देवा के आत्मसमर्पण (सरेंडर) की सूचना मिल रही है। सूत्रों के अनुसार, बारसा देवा ने अपने कुछ साथियों के साथ हैदराबाद में सुरक्षा एजेंसियों के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। हालांकि, इस घटनाक्रम की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि एक-दो दिनों के भीतर इस संबंध में औपचारिक घोषणा की जा सकती है।

जानकारी के मुताबिक, बारसा देवा नक्सल संगठन के भीतर एक प्रभावशाली और रणनीतिक चेहरा रहा है। उस पर 50 लाख रुपये से अधिक का इनाम घोषित था। हिडमा के एनकाउंटर के बाद उसे पीएलजीए का कमांडर बनाया गया था, जिसके बाद वह संगठन की सैन्य गतिविधियों और हमलों की योजना बनाने में अहम भूमिका निभा रहा था। बस्तर क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को सक्रिय रखने में उसकी बड़ी जिम्मेदारी मानी जाती रही है।

मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य

गौरतलब है कि केंद्र सरकार देशभर से नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत नक्सलियों को आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित किया जा रहा है, वहीं हथियार नहीं छोड़ने वालों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट रूप से मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

यदि बारसा देवा के सरेंडर की पुष्टि होती है, तो इसे नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जाएगा। इससे बस्तर क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को गहरा झटका लग सकता है और क्षेत्र में शांति, विकास एवं स्थिरता की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है। सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Read More : बिलासपुर नगर निगम का RI निलंबित, 14 लाख टैक्स घोटाले में हुई कार्रवाई, निगम कमिश्नर ने वसूली के निर्देश दिए


Related Articles