Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच सड़कों की बदहाल स्थिति अब आम लोगों के साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी परेशानी का कारण बन गई है। अंबिकापुर से प्रतापपुर होते हुए सेमरसोत एनएच-343 को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की खराब हालत के कारण शिक्षक दिवस कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम करीब दो घंटे देर से पहुंचे। सड़क की स्थिति को देखते हुए मंत्री ने मौके से ही कलेक्टर से चर्चा कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सड़क की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि बरसात शुरू होने के कुछ महीने पहले ही लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी द्वारा इस सड़क पर पेंच रिपेयर का काम कराया गया था। इसके बावजूद कुछ ही समय बाद सड़क की हालत फिर खराब हो गई। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है।
सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर रोजाना इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। दिन के समय वाहन चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन रात में स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है। पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात में सफर करना जोखिम भरा हो गया है।
वर्तमान में बलरामपुर-अंबिकापुर एनएच-343 का निर्माण कार्य भी चल रहा है। इसके चलते मुख्यालय से अंबिकापुर की ओर आने-जाने के लिए यह पीडब्ल्यूडी मार्ग बेहद महत्वपूर्ण हो गया है। ऐसे में सड़क की खराब हालत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क पर कुछ समय पहले कराया गया पेंच रिपेयर का काम गुणवत्ता के लिहाज से सवालों के घेरे में है। बारिश शुरू होते ही सड़क फिर उखड़ने लगी और गड्ढे बढ़ते चले गए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और उसकी निगरानी पर ध्यान दिया जाता तो सड़क की स्थिति इतनी खराब नहीं होती।
इसी जर्जर मार्ग से कृषि मंत्री रामविचार नेताम गुजर रहे थे। सड़क की बदहाली देखकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और मौके से ही कलेक्टर से चर्चा की। मंत्री ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ ही सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मंत्री की नाराजगी के बाद स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि लंबे समय से बदहाल सड़क की स्थिति में सुधार होगा और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

