Chhattisgarh Balod News : बालोद। रॉन्ग नंबर के जरिए एक नाबालिग युवती से पहचान होने के बाद उसे ग्वालियर बुलाकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म करने के आरोप में डौंडी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अजय प्रजापति को उसके ग्वालियर स्थित घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान नाबालिग युवती से रॉन्ग नंबर के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को अपने शहर ग्वालियर बुलाया और वहां उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
घटना के बाद नाबालिग के परिजनों ने उसके लापता होने की रिपोर्ट डौंडी थाने में दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और नाबालिग से संबंधित जानकारी जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के ग्वालियर स्थित घर में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद डौंडी पुलिस ने ग्वालियर पहुंचकर आरोपी अजय प्रजापति को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

