Balod News : 100 प्रतिशत कैशबैक का भरोसा देकर 31.80 लाख लिए, तीन चेक भी हुए बाउंस

Balod News : 100 प्रतिशत कैशबैक का भरोसा देकर 31.80 लाख लिए, तीन चेक भी हुए बाउंस

Chhattisgarh Balod News: बालोद। इलेक्ट्रिक वाहनों की डीलरशिप दिलाने और 100 प्रतिशत कैशबैक का झांसा देकर 31 लाख 80 हजार रुपए की ठगी के मामले में बालोद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश द्विवेदी और पुरुषोत्तम साहू के रूप में हुई है। दोनों को 19 सितंबर 2026 को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक ग्राम भानपुरी निवासी मनीष कुमार साहू ने 5 मई 2026 को थाना सनौद में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि CBK EV MOTORS/CBK SERVICE CENTER, रायपुर के CEO नंदकिशोर साहू, MD लोकेश द्विवेदी और CMD पुरुषोत्तम साहू ने इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन, लोडर वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान की डीलरशिप लेने पर 100 प्रतिशत कैशबैक देने का भरोसा दिलाया था।

शिकायत के अनुसार डीलरशिप के लिए 10 लाख रुपए जमा कराने के बाद कंपनी की ओर से प्रमाण पत्र दिया गया। इसके बाद इलेक्ट्रिक स्कूटी और इलेक्ट्रॉनिक सामान के लिए 20-20 लाख रुपए जमा कराने की बात कही गई। प्रार्थी ने कंपनी द्वारा बताए गए बैंक खातों में 30 मई 2024 से अलग-अलग किश्तों में कुल 31 लाख 80 हजार रुपए जमा किए।

इसके बाद प्रार्थी ने ग्राम सनौद में कंपनी की डीलरशिप शुरू करने के लिए किराये पर दुकान ली। कंपनी की ओर से 11 इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराए गए, लेकिन वाहनों की गुणवत्ता को लेकर शिकायत के बाद कंपनी उन्हें वापस ले गई। नए वाहन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में वाहन उपलब्ध नहीं कराए गए।

पैसे वापस मांगने पर 6 सितंबर 2024 को धमतरी के भूपेंद्र दादर स्थित दुकान में 1 लाख 45 हजार रुपए लौटाए गए। शेष रकम के लिए कंपनी की ओर से तीन चेक दिए गए, लेकिन बैंक में लगाने पर तीनों चेक स्टॉप पेमेंट के कारण बाउंस हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सनौद में अपराध क्रमांक 40/2026 के तहत धारा 420 और 34 भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक बालोद किरण चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गर्वा के निर्देश, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी गुरूर माया शर्मा के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सनौद सोनसिंह सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी लोकेश द्विवेदी को बिलासपुर और पुरुषोत्तम साहू को सारंगढ़ से पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद दोनों को 19 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। न्यायालय बालोद में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


Related Articles