Durg BJP Office Budget Samvad दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय दुर्ग में मध्यप्रदेश के धार लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर का बजट पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार के बजट, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नारी शक्ति के सशक्तिकरण की सोच ने पूरे देश की मानसिकता को सकारात्मक दिशा दी है।
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने हमेशा महिला सम्मान और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भागीदारी को प्राथमिकता दी है। इसी दिशा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, जन-धन योजना, मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और मातृ वंदन योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
सावित्री ठाकुर ने कहा कि हाल ही में मोदी सरकार द्वारा संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन विधेयक पारित किया गया है, जो देश के राजनीतिक इतिहास में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला तक सरकारी योजनाओं का लाभ और संगठन का संदेश पहुंचाने का कार्य निरंतर कर रही है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नारी शक्ति केवल परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की शक्ति है।

