रायपुर के मौदहापारा संडे बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 40 फेरीवाले हटाए गए, सभी को फोटो आईडी जमा कराने के निर्देश

रायपुर के मौदहापारा संडे बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 40 फेरीवाले हटाए गए, सभी को फोटो आईडी जमा कराने के निर्देश

Maudhapara Market Action Raipur रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा संडे बाजार मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगा रहे करीब 40 फेरीवालों को हटाया गया। प्रशासन ने उन्हें सख्त हिदायत देते हुए दोबारा सड़क पर दुकान नहीं लगाने और तय नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार कई बार समझाइश देने के बावजूद कुछ फेरीवाले जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे की दो गलियों में सड़क घेरकर दुकान लगा रहे थे। इससे वहां अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती थी और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान फेरीवालों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी वैध फोटो आईडी मौदहापारा थाना में जमा करें। इसके साथ ही उन्हें नगर निगम जोन-2 कार्यालय या निगम मुख्यालय में संपर्क कर संडे बाजार में नियमानुसार जगह आवंटन के लिए चर्चा करने को कहा गया है।

यह अभियान रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर चलाया गया। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और यातायात पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन में नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

अभियान के दौरान नगर निगम के नगर निवेशक आभाष मिश्रा, जोन-2 कमिश्नर संतोष पांडेय, कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे, आशुतोष सिंह सहित नगर निगम, यातायात पुलिस और मौदहापारा थाना की टीम मौजूद रही।

प्रशासन ने फेरीवालों को यह भी स्पष्ट किया कि केके रोड पर मौदहापारा मस्जिद से महावीर गौशाला तक के बीच सफेद लाइन के अंदर ही संडे बाजार लगाने की अनुमति है। हालांकि पहले से कई दुकानदार वहां बैठने के कारण कुछ फेरीवाले जयराम कॉम्प्लेक्स के पीछे की गलियों में अनाधिकृत रूप से दुकान लगाने लगे थे।

अभियान के बाद मौदहापारा संडे बाजार मार्ग पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखा गया है। प्रशासन का कहना है कि सड़क से अतिक्रमण हटने के बाद लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिली है। अधिकारियों के अनुसार शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Read More : गैस सिलेंडर कीमत बढ़ोतरी के खिलाफ दुर्ग में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुतला दहन कर केंद्र सरकार के फैसले का किया विरोध


Related Articles