भिलाई के पीएम श्री स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह, सांसद विजय बघेल ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित

भिलाई के पीएम श्री स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह, सांसद विजय बघेल ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित

PM Shri School Bhilai Annual Function दुर्ग। विकासखंड पाटन अंतर्गत भिलाई-3 के बिजली नगर स्थित पीएम श्री शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला, बिजली नगर भिलाई-3 में वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में उपकरण चंद्राकर और तुलसी धुर्व ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि स्कूल में आने पर उन्हें अपना बचपन याद आ जाता है। उन्होंने कहा कि “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” अभियान के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है और आज बच्चों को पहले की तुलना में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यालय की प्रगति की सराहना की।

सांसद ने विद्यालय परिसर के पीछे उपलब्ध भूमि पर अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने की बात कही, ताकि विद्यार्थियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की किसान हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्नति किसान योजना के तहत किसानों के खातों में राशि अंतरित की गई है, जिससे उनमें उत्साह का वातावरण है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें अतिथियों ने सराहा। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।

Read More: नागपुर के काटोल में एक फैक्ट्री में भीषण धमाका: 15 मजदूरों की मौत, कई गंभीर घायल


Related Articles