Akhil Bhartiya Volleyball Tournament रायपुर: महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल मैदान में आयोजित 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 के दूसरे दिन पुरुष और महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दर्शकों ने खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल का भरपूर आनंद लिया।
पुरुष वर्ग के प्रमुख मुकाबले में मेजबान हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ, रायपुर ने पंजाब की राष्ट्रीय खिलाड़ियों से सजी टीम को संघर्षपूर्ण मैच में 2-1 से हराकर यादगार जीत दर्ज की। पहले सेट में रायपुर की टीम ने 25-21 से जीत हासिल की, जबकि पंजाब ने दूसरे सेट में 34-32 से वापसी की। निर्णायक तीसरे सेट में मेजबान टीम ने अद्भुत एकजुटता और संयम दिखाते हुए 16-14 से जीत दर्ज की। किशोर कुमार और मार्तण्ड सिंह के प्रदर्शन को विशेष रूप से सराहा गया।
दूसरे मुकाबले में मॉर्निंग क्लब, रायपुर ने ओडिशा को लगातार दो सेटों में हराया। पहले सेट में 25-19 और दूसरे सेट में 25-20 से जीत दर्ज कर मॉर्निंग क्लब ने प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
महिला वर्ग में भी स्थानीय और बाहरी टीमों ने शानदार खेल दिखाया। रायपुर की महिला टीम ने भिलाई को लगातार दो सेटों में 25-14 और 25-09 से हराकर जीत हासिल की। टीम के बेहतरीन तालमेल, सटीक सर्विस और तेज आक्रमण को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं, हरियाणा की महिला टीम ने दिल्ली को 25-10 और 25-11 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष सैयद अहमद अली और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं भारतीय वॉलीबॉल टीम के पूर्व कप्तान किरण पाल सिंह राणा मैदान पर उपस्थित रहे। खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या ने भी पूरे आयोजन का उत्साहवर्धक माहौल बनाए रखा।
हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ के सचिव रमाकांत निषाद ने इस जानकारी की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन दर्शकों और खिलाड़ियों के बीच उम्दा तालमेल और खेल उत्साह देखने को मिला, जिससे टूर्नामेंट का स्तर और रोमांच बढ़ गया।

