Ratanpur Talab Crocodile Rescue बिलासपुर। रतनपुर की धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तालाब में करीब 8 फीट लंबा विशालकाय मगरमच्छ निकल आया। तालाब में मछली पकड़ने के लिए डाले गए जाल में मगरमच्छ फंस गया, जिसे देखकर मछुआरों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बाद में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू किया।
बताया जा रहा है कि रोज की तरह शुक्रवार सुबह मछुआरे तालाब में जाल डालकर मछलियां पकड़ रहे थे। इसी दौरान उन्हें जाल असामान्य रूप से भारी महसूस हुआ। पहले तो मछुआरों को लगा कि जाल में बड़ी मात्रा में मछलियां फंस गई हैं, लेकिन जब उन्होंने कड़ी मशक्कत कर जाल को किनारे की ओर खींचा तो उसमें एक बड़ा मगरमच्छ फंसा हुआ दिखाई दिया। यह नजारा देखते ही मछुआरे और आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए।
मगरमच्छ के जाल में फंसे होने की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई। इसके बाद तालाब के किनारे मगरमच्छ को देखने के लिए ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को देखते हुए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को जाल से सुरक्षित बाहर निकाला गया और उसे अपने कब्जे में ले लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से खूंटाघाट डैम में छोड़ दिया।
वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं अचानक तालाब में मगरमच्छ मिलने से आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था।
Read More : ज्वेलरी दुकान में गहने पसंद करने के बहाने महिला रानी हार और अंगूठी पहनकर हुई फरार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

