Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर। सरगुजा जिले में खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताकर जिला आबकारी अधिकारी से शराब और नकदी मांगने वाले तीन आरोपियों को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शराब के पैसे बचाने के लिए फर्जी पहचान का सहारा लिया, लेकिन आबकारी अधिकारी की सतर्कता से उनकी साजिश नाकाम हो गई।
जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ ने बताया कि उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल कर खुद को एसीबी अधिकारी बताया। कॉल करने वाले ने कहा कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं और रेस्ट हाउस में व्यवस्था करनी है, इसलिए तत्काल छह बोतल शराब और नकद राशि उपलब्ध कराई जाए। बातचीत संदिग्ध लगने पर अधिकारी ने न तो शराब दी और न ही नकदी, बल्कि तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सौरभ प्रजापति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों राजेशपुरी गोस्वामी और रंजीत गुप्ता के साथ मिलकर वारदात की साजिश रचने की बात कबूल कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले सुभाषनगर शराब भट्ठी पहुंचे थे, जहां उन्होंने बिना पैसे दिए शराब हासिल करने के लिए फर्जी एसीबी अधिकारी बनकर आबकारी अधिकारी पर दबाव बनाने की योजना बनाई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

