Ambikapur Durg Express News रायपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रयासों से अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 18242) के संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-01 से प्रस्थान करेगी। यह नई व्यवस्था दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन के सहयोग से लागू कर दी गई है।
राजधानी रायपुर के यात्रियों द्वारा लंबे समय से इस संबंध में मांग की जा रही थी। यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में होने वाली असुविधा को देखते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के कार्यालय द्वारा मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर को पत्र भेजकर इस समस्या से अवगत कराया गया था। पत्र में यात्रियों को होने वाली परेशानियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए शीघ्र समाधान की अपील की गई थी।
मंडल रेल प्रबंधक ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर-01 से संचालित करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद रेलवे प्रशासन द्वारा यह सुविधा लागू कर दी गई। इस निर्णय से अंबिकापुर, दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को अब प्लेटफॉर्म बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी।
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस सहयोग के लिए मंडल रेल प्रबंधक एवं रेलवे अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने इस नई व्यवस्था के लिए यात्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

