Ambikapur Central Jail: अंबिकापुर की सेंट्रल जेल का कैदी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल से फरार हो गया। कैदी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां से कैदी मौका पाकर भाग गया। कैदी के खिलाफ हत्या का मामला चल रहा है। इस घटना के बाद अंबिकापुर में पुलिस में हड़कंप मच गया है।
बाथरूम जाने के बहाने दिया कचमा
जानकारी के मुताबिक, मर्डर केस में सजा काट रहे कैदी मुकेश कांत की तबीयत खराब होने पर सेंट्रल जेल अंबिकापुर से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया। सोमवार, 6 अक्टूबर की सुबह बाथरूम जाने के बहाने वह कैदी सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप
कैदी के भागने के बाद सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। इधर कैदी के भागने की सूचना मणिपुर थाने में दी गई है। जिसके बाद पुलिस फरार कैदी की तलाश में जुट गई है।
Read More :10 अक्टूबर को साय कैबिनेट की बैठक, धान खरीदी की तारीख समेत कई मुद्दों पर हो सकता है फैसला
जेल मुख्यालय से भी कैदी हुआ फरार
तीन दिन पहले (3 अक्टूबर को ) रायपुर स्थित जेल मुख्यालय (कवर्धा सदन) में वेल्डिंग करते समय एक कैदी फरार हो गया था। जिस पर बाद में इनाम भी घोषित किया गया।
जानकारी के मुताबिक, कैदी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू सेंट्रल जेल में उम्र कैद की सजा काट रहा था। एनडीपीएस मामले में जेल भेजे गए उक्त कैदी के साथ चार अन्य बंदियों को पुराने जेल मुख्यालय (कवर्धा सदन) की साफ-सफाई करने के लिए भेजा गया था। इस दौरान कैदी दोपहर करीब 1.30 बजे चकमा देकर फरार हो गया।
पुराने जेल मुख्यालय की सुरक्षा को लेकर सवाल
घटना की जानकारी जेल अधीक्षक को देने के साथ ही गंज थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई। साथ ही इसकी जानकारी मथुरा पुलिस को जेल प्रशासन द्वारा दी गई है। इस घटना से पुराने जेल मुख्यालय (कवर्धा सदन) की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सालभर पहले हुई थी सजा
बता दें कि विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस पंकज सिन्हा की अदालत ने उत्तर प्रदेश के मथुरा निवासी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू को 25 जुलाई 2024 को 15 वर्ष कैद और 3 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया था। अर्थदंड की राशि नहीं देने पर 6 साल अतिरिक्त कैद की सजा सुनाई गई। उसके अच्छे आचरण को देखते हुए जेल से बाहर काम के सिलसिले में भेजा गया था। जेल प्रशासन ने मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंप दी है।