प्रतापपुर में स्वामी आत्मानंद विद्यालय की दीवार पर अंबेडकर चित्र से छेड़छाड़, NSUI ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

प्रतापपुर में स्वामी आत्मानंद विद्यालय की दीवार पर अंबेडकर चित्र से छेड़छाड़, NSUI ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की

प्रतापपुर क्षेत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। NSUI प्रतापपुर इकाई ने इस घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया है। ब्लॉक अध्यक्ष विनय चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन एसडीएम प्रतापपुर के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाया गया।

मामले को लेकर जानकारी देते हुए विनय चौधरी ने बताया कि शासकीय स्वामी आत्मानंद विद्यालय, प्रतापपुर की बाउंड्री वॉल पर बने डॉ. अंबेडकर के चित्र के साथ अनुचित व्यवहार किया गया है और उस पर सफेद पेंट करने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह कृत्य न केवल डॉ. अंबेडकर के सम्मान के खिलाफ है, बल्कि समाज की भावनाओं को भी आहत करता है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

NSUI पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, साथ ही चित्र को पुनः सम्मानपूर्वक पूर्व स्थिति में स्थापित किया जाए। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो NSUI के नेतृत्व में जनआंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्का जाम जैसे उग्र कदम उठाए जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान विनय चौधरी के साथ जिला महासचिव तनवीर अहमद सहित कमलेश रवि, राजा हसन, संतोष, डिकलेश कुमार सांडिल्य, दीपक, रितेश, बिक्रम, गोलू राजवाड़े, मोहरलाल, राहुल सिंह, सूरज पैकरा, अभय सिंह, अनूप वर्मा, धीरज गुप्ता, प्रकाश पैकरा और राकेश बघेल समेत अन्य NSUI कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Read More : दुर्ग से भिलाई हुडको कॉलोनी को जोड़ने अंडरब्रिज की मांग तेज, महापौर अलका बाघमार ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सौंपा प्रस्ताव


Related Articles