CG News: 40 वर्षों की सेवाओं के बाद प्राचार्या और प्रधान पाठक को भावभीनी विदाई, शिक्षकों व ग्रामीणों ने किया सम्मान

CG News: 40 वर्षों की सेवाओं के बाद प्राचार्या और प्रधान पाठक को भावभीनी विदाई, शिक्षकों व ग्रामीणों ने किया सम्मान

अंबागढ़ चौकी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसरिटोला की प्राचार्या पुष्पलता राहुल एवं प्राथमिक शाला केसरिटोला के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साहू के सेवानिवृत्त होने पर संकुल केंद्र केसरिटोला की ओर से भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामवासियों ने दोनों शिक्षकों के लंबे, समर्पित और अनुकरणीय सेवाकाल को याद करते हुए उनका सम्मान किया।

प्रधान पाठक ओमप्रकाश साहू ने शिक्षा विभाग में अपने 40 वर्षों के सेवाकाल के दौरान पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया। उनके मार्गदर्शन में विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार बेहतर रहा। उनके सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता, सहयोगी व्यवहार और विद्यार्थियों के प्रति स्नेहपूर्ण दृष्टिकोण की सभी वक्ताओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि पुष्पलता राहुल और ओमप्रकाश साहू ने अपने कार्यकाल में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद और आनंदमय सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

विदाई समारोह में प्रभारी प्राचार्य नरेंद्र मेश्राम, प्रधान पाठक दुर्गा प्रसाद, संकुल समन्वयक प्रहलाद देवांगन, तुलावी सहित संकुल की विभिन्न संस्थाओं के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में रूपाली देवांगन (सहायक शिक्षक) एवं जमुना निर्मलकर (सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला केसरिटोला) का विशेष योगदान रहा। समारोह का समापन सम्मान, पुष्पगुच्छ भेंट और भावनात्मक विदाई के साथ हुआ।


Related Articles