Chhattisgarh News Today: कोरबा: वाणिज्य, उद्योग, आबकारी, सार्वजनिक उपक्रम एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में कोरबा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के स्वीकृत कार्यों की प्रगति, पूर्ण कार्यों की समीक्षा और आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर अनुमोदन दिया गया।
बैठक में सांसद ज्योत्सना महंत, विधायक प्रेमचंद पटेल, तुलेश्वर सिंह मरकाम, फूल सिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर संजू देवी राजपूत सहित शासी परिषद के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मंत्री देवांगन ने कहा कि डीएमएफ मद से कोरबा जिले में स्कूल, आंगनबाड़ी भवन, स्वास्थ्य सेवाएँ, पेयजल आपूर्ति, सड़क और पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य होंगे। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और नए प्रस्तावों की बजट अनुरूप स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद ज्योत्सना महंत ने खनन प्रभावित क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण, पेयजल उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर दिया। विधायक प्रेमचंद पटेल और तुलेश्वर मरकाम ने कौशल विकास, आजीविका संवर्धन, रोजगार सृजन और निर्माण पोर्टल जैसे पहलुओं को महत्व दिया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की यह प्रथम बैठक थी। डीएमएफ नियमों में संशोधन के बाद अब 70 प्रतिशत राशि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और पर्यावरण संरक्षण पर और 30 प्रतिशत अन्य आधारभूत संरचनाओं पर खर्च की जाएगी। प्रभावित क्षेत्र और परिवारों का चिन्हांकन भी पूर्ण हो चुका है।
बैठक में डीएमएफ अंतर्गत विशेष निधियों, परियोजना प्रबंधन इकाई, एंडोमेंट फंड, पंचवर्षीय कार्ययोजना, डिजिटल सशक्तिकरण और ऑडिट व्यवस्था जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

