बिलासपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, मस्तूरी फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बिलासपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, मस्तूरी फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Bilaspur ACB Action News बिलासपुर में भ्रष्टाचार निरोधक कार्रवाई के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने मस्तूरी के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने स्व सहायता समूह को सरकारी उचित मूल्य की दुकान आवंटित कराने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई कर उसे उसके बिलासपुर स्थित महावीर सिटी आवास से पकड़ा।

डीएसपी अजितेश सिंह के अनुसार ग्राम विद्याडीह निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी 2026 को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव में संचालित सरकारी उचित मूल्य की दुकान, जिसे वर्तमान में पंचायत संचालित कर रही है, उसे स्व सहायता समूह विद्याडीह को दिए जाने के लिए लगभग तीन माह पूर्व एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन किया गया था। जांच रिपोर्ट और आवंटन आदेश जारी करने के बदले फूड इंस्पेक्टर द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। 21 फरवरी 2026 को शिकायतकर्ता को 90 हजार रुपये के साथ आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को रिश्वत की रकम सौंपी, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया और राशि बरामद कर ली।

एसीबी के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह वर्ष 2026 में बिलासपुर में एसीबी की चौथी बड़ी ट्रैप कार्रवाई है। इससे पहले तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू और सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी भी एसीबी की गिरफ्त में आ चुके हैं।

Read More : CGPSC सिविल जज परीक्षा का रिजल्ट जारी, अंजुम आरा और शिवांगी तिवारी ने किया टॉप, 57 कैंडिडेट का हुआ सिलेक्शन


Related Articles