Raipur Fraud News राजधानी में वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन टास्क के नाम पर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शांति नगर इलाके में रहने वाली एक निजी कंपनी की महिला मैनेजर को साइबर ठगों ने अपने जाल में फंसाकर 6.30 लाख रुपये की ठगी कर ली। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता की पहचान प्रीति तांडी (38) के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।
मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च को प्रीति के व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें घर बैठे ‘स्टार रेटिंग’ देकर प्रतिदिन 5 से 8 हजार रुपये कमाने का लालच दिया गया था। ऑफर आकर्षक लगने पर उन्होंने सहमति दे दी, जिसके बाद उन्हें मयूरी कांशी नाम की महिला के टेलीग्राम चैनल से जोड़ दिया गया। शुरुआत में ठगों ने भरोसा जीतने के लिए ‘ट्रेनिंग’ के नाम पर कुछ लिंक भेजे और रेटिंग देने का टास्क दिया। पहले ही दिन उनके खाते में 180 रुपये ट्रांसफर कर दिए गए, जिससे उनका विश्वास और मजबूत हो गया।
इसके बाद प्रीति को ‘टीचर’ आध्या सोनी के टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया, जहां उन्हें बताया गया कि उनका बैलेंस 10 हजार रुपये हो चुका है, लेकिन इसे निकालने के लिए 800 रुपये जमा करने होंगे। प्रीति ने बताए गए अनुसार 800 रुपये जमा किए, जिसके बाद उन्हें तुरंत 1040 रुपये वापस मिल गए। छोटे-छोटे मुनाफे के लालच में वह धीरे-धीरे ठगों के जाल में फंसती चली गईं और उन्हें लगातार नए टास्क दिए जाते रहे।
13 मार्च से 16 मार्च के बीच ठगों ने प्रीति से अलग-अलग किश्तों में करीब 20 बार पैसे ट्रांसफर कराए। जब उन्होंने पैसे खत्म होने की बात कही तो ठगों ने डराना शुरू कर दिया कि यदि और रकम जमा नहीं की गई तो पहले जमा किए गए पैसे भी वापस नहीं मिलेंगे। इस दबाव में आकर प्रीति ने उधार लेकर इशिता नामदेव, श्रवण कुमार और कौशिक बाछर जैसे अलग-अलग नामों के बैंक खातों में लाखों रुपये जमा कर दिए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब ठगों ने उनसे 4.50 लाख रुपये और जमा करने की मांग की। इसके बाद प्रीति ने अपने भाई कालीदास को पूरी घटना की जानकारी दी, जिन्होंने तुरंत समझ लिया कि यह साइबर ठगी का मामला है। इसके बाद पीड़िता ने साइबर सेल और सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी यमन देवांगन ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस द्वारा टेलीग्राम आईडी और इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
Read More : नवरात्रि में श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेन, इतवारी-कोरबा मेमू 23 से 28 मार्च तक चलेगी

