Bhilai News Today : भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजीव नगर, भिलाई निवासी सौरभ सोनकर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौरभ होली के दिन परिवार के साथ मौजूद था और उसने होली भी खेली थी, लेकिन देर रात उसका शव घर के भीतर फांसी के फंदे पर लटका मिला।
जानकारी मिलते ही परिजन और दोस्त उसे तुरंत फंदे से उतारकर भिलाई के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया, क्योंकि बड़ी संख्या में परिजन और परिचित वहां एकत्र हो गए थे। पहले शव को दूसरे अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन बाद में उसे उसी अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया गया।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कराया जाएगा। घटना की सूचना पर वैशाली नगर थाना और सुपेला थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही युवक के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट हो पाएगी।
Read More : युवक ने दिनभर खेली होली, रात में फंदे से लटकी मिली लाश, सुसाइड के कारणों का पता लगा रही पुलिस

