Raipur Knife Attack Case News रायपुर में छोटे भाई को घर लाने गए युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आपसी विवाद के बाद छोटे भाई के दोस्तों ने युवक पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रजबंधा तालाब निवासी मोहम्मद वसीम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने छोटे भाई जुनैद खान को समझाने सलीम खान के घर गया था। उसका भाई कई दिनों से घर नहीं लौट रहा था और परिवार की बात नहीं सुन रहा था। इस दौरान घर पहुंचने पर वसीम और सलीम के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि सलीम ने उसे घर से निकलने को कहा।
वसीम के बाहर आते ही सलीम खान, रेहान उर्फ अस्सलान और सीददीक फरहान ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया, जिससे वसीम घायल हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर मौदहापारा थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि मोहम्मद वसीम की शिकायत पर रेहान उर्फ अस्सलान, सलीम खान और सीददीक फरहान के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

