Raipur Murder News रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार तड़के एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ढाबा में खाना खाने के दौरान कुत्ते को भोजन देने को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी मौत हो गई। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान अनूपपुर निवासी शिव प्रसाद ध्रुव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिव प्रसाद ढाबा में खाना खा रहा था, इसी दौरान कुत्ते को भोजन देने को लेकर कुक और उसके एक साथी से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने शिव प्रसाद के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान शिव प्रसाद के सीने में गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही धरसींवा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने कुक और उसके साथी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

