bilaspur nh birthday celebration case बिलासपुर। बिलासपुर में हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद नेशनल हाईवे पर स्टंट और बर्थ-डे सेलिब्रेशन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर रात संबलपुरी ओवरब्रिज पर एक काले रंग की कार में सवार तीन युवक और एक युवती ने शराब के नशे में सड़क के बीचों-बीच जन्मदिन मनाया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
घटना सकरी थाना क्षेत्र की है, जहां ओवरब्रिज पर Hyundai Verna सड़क पर खड़ी कर केक काटा गया और बोनट पर चखना रखकर शराब पार्टी की गई। बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11:50 बजे पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को इस हरकत की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी आरोपी कोरबा निवासी निहाल शांडिल्य (22), अतुल वर्मा (21), प्रियांशु चौरसिया (19) और राजकिशोर नगर की निवासी अदिति भंडारी (19) हैं। सभी मिलकर कोरबा के गोकुल नगर निवासी निहाल शांडिल्य का जन्मदिन मनाने निकले थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कार बीच सड़क पर खड़ी थी और चारों आरोपी सड़क पर ही चखना खा रहे थे, जिससे ओवरब्रिज पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था। वाहन की तलाशी में केक भी बरामद हुआ, जिससे स्पष्ट हुआ कि वहीं पर जन्मदिन सेलिब्रेशन किया जा रहा था।
एल्कोमीटर जांच में सभी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जबकि मेडिकल जांच में भी नशे की पुष्टि के बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिसमें युवक-युवतियां नेशनल हाईवे पर स्टंट और बर्थ-डे पार्टी कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Read More : रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से कैदी फरार, हत्या के मामले में उम्रकैद की काट रहा था सजा, 2 प्रहरी निलंबित

