Surajpur News: प्रतापपुर नगर पंचायत में एजेंडे को लेकर घमासान, कांग्रेस पार्षदों ने जताई सामूहिक आपत्ति

Surajpur News: प्रतापपुर नगर पंचायत में एजेंडे को लेकर घमासान, कांग्रेस पार्षदों ने जताई सामूहिक आपत्ति

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। नगर पंचायत प्रतापपुर में प्रस्तावित परिषद बैठक के एजेंडा को लेकर कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों ने सामूहिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई है। पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि परिषद बैठक में रखे जाने वाले विषयों और एजेंडा को लेकर कांग्रेस पार्षदों से किसी प्रकार की चर्चा या सुझाव नहीं लिया गया।

पार्षदों का कहना है कि नगर पंचायत परिषद की बैठक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श और निर्णय लेने का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में बैठक में रखे जाने वाले विषयों की जानकारी सभी निर्वाचित पार्षदों को समयपूर्व उपलब्ध कराना और महत्वपूर्ण मामलों में उनके सुझाव लेना जरूरी है।

समयपूर्व एजेंडा उपलब्ध कराने की मांग

कांग्रेस पार्षदों ने सीएमओ को सौंपे पत्र में मांग की है कि परिषद बैठक में रखे जाने वाले सभी विषयों और एजेंडा की जानकारी सभी पार्षदों को बैठक से पहले दी जाए। साथ ही महत्वपूर्ण विषयों पर निर्वाचित पार्षदों के साथ चर्चा कर उनके सुझाव भी लिए जाएं, ताकि परिषद की बैठक में सभी पक्षों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

पर्याप्त जानकारी के बिना बैठक नहीं कराने की मांग

पार्षदों ने कहा कि पर्याप्त जानकारी और आवश्यक चर्चा के अभाव में परिषद की बैठक आयोजित नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने परिषद की कार्यवाही में सभी निर्वाचित पार्षदों की सहभागिता और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके साथ ही सामूहिक आपत्ति को परिषद के अभिलेख में दर्ज करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

कार्यों के स्थान परिवर्तन पर भी आपत्ति

कांग्रेस पार्षदों ने नगर पंचायत में स्वीकृत कार्यों के स्थान परिवर्तन को लेकर भी आपत्ति जताई है। पत्र में कहा गया है कि यदि नियमों के विपरीत कार्यों का स्थल परिवर्तन किया गया है तो इससे संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। साथ ही भविष्य में इस तरह की स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।

इन पार्षदों ने सौंपा सामूहिक आपत्ति पत्र

सामूहिक आपत्ति पत्र पर वार्ड क्रमांक 2 के वीर साय, वार्ड क्रमांक 3 के मासूम ईराकी, वार्ड क्रमांक 5 की नसीमा बानो, वार्ड क्रमांक 6 की ममता सोनी, वार्ड क्रमांक 8 के विजय नायक, वार्ड क्रमांक 10 की निशात तिवारी, वार्ड क्रमांक 14 के दुर्योधन और वार्ड क्रमांक 15 की हिरामुनि सहित कांग्रेस के निर्वाचित पार्षदों के हस्ताक्षर बताए गए हैं।


Related Articles