रायगढ़ जिले में चिकन बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद पति ने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में उसने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की। पुलिस ने मामले की जांच की तो हत्या का खुलासा हुआ। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम काराडेगा पटेलपारा के 27 साल के गिरधारी पैंकरा ने 24 दिसंबर को थाना में सूचना दी कि उसकी पत्नी 24 साल की डिजेश्वरी पैंकरा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि महिला की मौत की घटना आत्महत्या नहीं, बल्कि गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस की जांच में सामने आया कि 24 दिसंबर की शाम गिरधारी पैंकरा बिना पूछे मुर्गा घर लेकर आया और चिकन बनाने के लिए कहा।
इस पर डिजेश्वरी नाराज हो गई और चिकन बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी झगड़े के दौरान गिरधारी ने लोहे की फुकनी और परसुल से मारपीट की और फिर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
गला घोंटकर मारा फिर फांसी पर लटकाया
हत्या को छुपाने के लिए आरोपी ने अपनी पत्नी को फांसी पर लटकाकर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की और ग्रामीणों व परिजनों को झूठी जानकारी दी।
मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किए गए लोहे की फुकनी और परसुल को जब्त कर उसे आज गिरफ्तार कर लिया है।
Read More : इंस्टाग्राम पर दोस्ती फिर अफेयर, युवती से डेढ़ साल तक दुष्कर्म, शादी की बात पर पलटा युवक

