Bhilai Mobile Theft Case News दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाकर मोबाइल और अन्य सामान चोरी करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में खेल मैदानों और परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों से मोबाइल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। विशेष रूप से सेक्टर-7 भिलाई में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान तीन मोबाइल फोन, कार की चाबी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर शुभम श्रीवास (24), निवासी कातुलबोर्ड हरिनगर दुर्ग, स्थायी पता जबलपुर (मध्यप्रदेश) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्कूटी और अन्य वाहनों की डिक्की से मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड और एटीएम कार्ड चोरी करता था।
आरोपी चोरी किए गए मोबाइल को सामान्य लॉक पैटर्न के जरिए अनलॉक कर लेता था और संबंधित बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर पैसे निकाल लेता था। चोरी के मोबाइल और निकाली गई रकम से ही वह अपना खर्च चलाता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से कई मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

