रायपुर | कबीरधाम जिले के ग्राम सेमो को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 2.38 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी नवीन विद्युत उपकेंद्र की सौगात दी। भूमि पूजन के साथ परियोजना का शुभारंभ किया गया। इस उपकेंद्र के निर्माण से आसपास के 10 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और लगभग 2 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण व नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार गांवों और वनांचलों तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या बनी हुई थी, जिसका स्थायी समाधान इस उपकेंद्र के माध्यम से संभव होगा। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अधिक स्थिर और सक्षम हो जाएगी।
नए उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा तथा यहां से 3 अलग-अलग 11 केवी फीडर निकाले जाएंगे। इससे सोनबरसा, चारभांठा, गदहाभांठा, बारदी, बरदुली, सेमो, मानपुर, सिंघनपुरी, भेलवाभांवर और दुल्लापुर सहित 10 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में इन गांवों को बिजई उपकेंद्र से संचालित फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है, जहां लगभग 500 कृषि पंपों के कारण वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
नए सब-स्टेशन के निर्माण से बिजई उपकेंद्र पर दबाव कम होगा और विशेषकर बारिश के मौसम में किसानों को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। इससे सिंचाई कार्य सुचारू रूप से हो सकेंगे और किसानों की आय में वृद्धि की संभावना भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली तथा ग्रामवासियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Read More : अंतरराज्यीय सीमाओं पर सख्ती, आबकारी विभाग की अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान के दिए निर्देश

