Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में ऐतिहासिक धरोहर संरक्षण और पेंशनरों की सुविधाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आवाज तेज हो गई है। इसी क्रम में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में संभागीय सचिव राजेश तिवारी, दुर्ग जिला महासचिव पी.आर. साहू एवं सुरेश साव शामिल रहे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दोनों मामलों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
क्या हैं दो मांगें?
पहले मामले में क्रांतिकारी सुखदेव राज स्मृति समारोह समिति, दुर्ग ने महान क्रांतिकारी सुखदेव राज की कर्मस्थली को संरक्षित कर स्मारक के रूप में विकसित करने की मांग रखी। समिति के अनुसार, शहीद चंद्रशेखर आजाद के सहयोगी रहे सुखदेव राज का दुर्ग से गहरा ऐतिहासिक संबंध रहा है और आजादी के बाद उन्होंने लगभग दस वर्षों तक यहां रहकर कुष्ठ रोगियों की सेवा की थी।
वर्तमान में संबंधित भवन जर्जर स्थिति में है। समिति ने मांग की है कि प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण के दौरान इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखा जाए तथा परिसर में सुखदेव राज की प्रतिमा स्थापित कर इसे स्मारक के रूप में विकसित किया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से प्रेरणा ले सकें।
दूसरे मामले में भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ (जिला शाखा दुर्ग) ने पेंशनरों के लिए भवन निर्माण हेतु 6.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की मांग की। संगठन ने बताया कि सैकड़ों पेंशनरों के लिए स्थायी बैठक स्थल का अभाव है, जिसके चलते कई बार उन्हें असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
महासंघ ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार आवेदन दिए जा चुके हैं और अब सरकार से शीघ्र निर्णय की अपेक्षा की जा रही है। दोनों ही मामलों पर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।

