Surguja Job Fraud News अंबिकापुर। वन मंत्री का मीडिया प्रभारी बनकर एक युवक द्वारा वन रक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। प्रकरण कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर के बौरीपारा निवासी कैलाश गुप्ता की पहचान करीब चार वर्ष पूर्व रायपुर के पारसनगर निवासी यासिर भाटी से हुई थी। यासिर ने स्वयं को वन मंत्री का मीडिया प्रभारी बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह वन विभाग में वनरक्षक पद पर नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए उसने दो लाख रुपये की मांग की।
कैलाश गुप्ता ने आरोपी के झांसे में आकर 3 दिसंबर 2024 को फोन-पे के माध्यम से 50 हजार, 40 हजार और 30 हजार रुपये ट्रांसफर किए, जबकि 80 हजार रुपये नकद दिए। लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर जब कैलाश ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
परेशान होकर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी यासिर भाटी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
Read More : रायपुर में लिफ्ट देकर चाकू की नोक पर लूट, सुनसान गली में ले जाकर कैश लूटा, पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

