CG Journalist Attack News सूरजपुर। जिले के खड़गवां कला क्षेत्र में एक पत्रकार के परिवार पर दबंगों द्वारा घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ ने पुलिस अधीक्षक सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार विवाद जमीन संबंधी है। 20 फरवरी की शाम आरोपियों ने तारा चक्रधारी के घर के बाहर गाली-गलौज और धमकी दी थी, जिसकी सूचना खड़गवां चौकी में दी गई, लेकिन कथित रूप से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अगले दिन 21 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे आरोपियों ने लाठी-डंडों के साथ घर में घुसकर हमला कर दिया।
हमले में तारा चक्रधारी को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई और बीच-बचाव करने आए उनके पति वीरेंद्र कुमार चक्रधारी, जो पेशे से पत्रकार हैं और प्रतापपुर ब्लॉक अध्यक्ष हैं, उनके साथ भी हाथापाई की गई। घटना के दौरान मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही थी, जिसे आरोपियों ने छीनकर रिसेट कर दिया, जिससे साक्ष्य नष्ट हो गए।
घटना की निंदा करते हुए पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार भय के माहौल में है और मामले में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है।

