नारायणपुर के जटवर गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, 107 ग्रामीणों का इलाज, मलेरिया जांच में 15 पॉजिटिव

नारायणपुर के जटवर गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन, 107 ग्रामीणों का इलाज, मलेरिया जांच में 15 पॉजिटिव

Narayanpur Village Health Camp रायपुर। नारायणपुर जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत घमंडी के आश्रित ग्राम जटवर में सुशासन एक्सप्रेस कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया और विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच व उपचार कराया।

दो दिनों तक चले इस शिविर में ग्राम पंचायत घमंडी के अंतर्गत आने वाले जटवर, घमंडी, कोगालीं, ओरछापार, कारकाबेड़ा, हिकोनार, गोडेलेमाका और वाडापेंदा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान कुल 107 मरीजों का उपचार किया गया और उन्हें आवश्यक दवाइयों के साथ स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

स्वास्थ्य जांच के दौरान 84 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें 15 मरीज पॉजिटिव पाए गए। इसके अलावा टीबी स्क्रीनिंग, रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन और नेत्र जांच भी की गई। गर्भवती महिलाओं की विशेष एएनसी जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

शिविर में सर्दी-खांसी, बुखार, खुजली, दस्त, कमजोरी और शरीर दर्द जैसी मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों का भी इलाज किया गया और उन्हें आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर 80 ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।

इस स्वास्थ्य शिविर में 10 सदस्यीय स्वास्थ्य टीम ने अपनी सेवाएं दीं, जिसमें डॉ. बृजनंदन बनपुरिया, राजीव सिंह, डॉ. हेमेंद्र जुरी, प्रदीप देवांगन, सूरज साहू, रामनाथ उसेंडी, जयसिंह मांझी, नकुल पोटाई, कमलेश कुमार नाग और कु. चंद्रिका गोटा शामिल थे। शिविर का संचालन उप स्वास्थ्य केंद्र वाडापेंदा के माध्यम से किया गया। दो दिवसीय सुशासन एक्सप्रेस कार्यक्रम के सफल आयोजन से ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुईं, जिससे समय पर उपचार मिलने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।

Read More : चारधाम यात्रा 2026: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 अप्रैल से खुलेंगे यमुनोत्री-गंगोत्री के कपाट


Related Articles