रायगढ़ में हेडमास्टर से 20 लाख की ठगी, परिचित ने लोन का 35% देने का लालच दिया, न पैसे दिए और न किस्त भरी

रायगढ़ में हेडमास्टर से 20 लाख की ठगी, परिचित ने लोन का 35% देने का लालच दिया, न पैसे दिए और न किस्त भरी

Raigarh Fraud News : रायगढ़ जिले में हेडमास्टर से 20 लाख 76 हजार रुपए की ठगी की गई है। परिचित व्यक्ति ने हेडमास्टर के नाम पर अलग-अलग बैंकों से लोन निकलवाकर धोखाधड़ी की। लोन की किस्तें नहीं चुकाए जाने से परेशान पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित का नाम लोकनाथ रात्रे (41) नाम है। जो ग्राम बाम्हनपाली का रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि ह घरघोड़ा ब्लॉक के ग्राम पानीखेत स्थित प्राथमिक शाला कन्या आश्रम में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ है।

मई 2024 में परिचित सपिया निवासी विद्याचरण गोरे ने उसे अपने मामा गिरीश कुमार जोल्हे से मिलवाया। गिरीश जोल्हे ने लोन संबंधी काम कराने की बात कहते हुए आश्वासन दिया कि वह लोकनाथ के नाम पर लोन निकलवाएगा और सभी किस्तें खुद भरेगा।

लोन राशि का 35 प्रतिशत हिस्सा देने का लालच

इसके बदले उसने लोन राशि का 35 प्रतिशत हिस्सा देने का लालच दिया। भरोसा कर लोकनाथ ने अपना पैन कार्ड, छह माह की ऑनलाइन पे-स्लिप सहित जरूरी दस्तावेज गिरीश को दे दिए। इसके बाद अलग-अलग बैंकों के लोन फॉर्म पर उससे हस्ताक्षर कराए गए।

4 बैंकों से लोन स्वीकृत कराया

लोकनाथ के अनुसार, उनके नाम पर चोला मंडलम शाखा रायगढ़ से 6 लाख 40 हजार, आईसीआईसीआई बैंक रायगढ़ से 4 लाख, एक्सिस बैंक रायगढ़ से 6 लाख 65 हजार और भारतीय स्टेट बैंक कोड़ातराई शाखा से 10 लाख 20 हजार रुपए, इस तरह कुल 27 लाख 25 हजार रुपए का लोन स्वीकृत कराया गया।

रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कराया

प्रोसेसिंग चार्ज, बीमा और अन्य कटौतियों के बाद 20 लाख 76 हजार रुपए लोकनाथ के खाते में आए। इसके बाद गिरीश जोल्हे ने यह पूरी राशि किश्तों में अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। शुरुआत में दो-तीन महीने तक उसने लोन की किस्तें जमा कीं, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया।

बैंक से आने लगा दबाव

किस्तें जमा नहीं होने पर बैंकों की ओर से दबाव बढ़ने लगा। लोकनाथ ने गिरीश से संपर्क किया तो उसने हर बार भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन कोई किस्त जमा नहीं की। परेशान होकर लोकनाथ ने मंगलवार को खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी गिरीश कुमार जोल्हे के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Read More : पुलिस मुखबिर होने के शक में हत्या की कोशिश, मिलने बुलाया, फिर एक ने पीछे से पकड़ा और दूसरे ने पेट में घोंपा चाकू


Related Articles