सूरजपुर में इस वर्ष सजेगा सरगुजा संभाग स्तरीय माता कर्मा जयंती का भव्य मंच, साहू समाज की महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय

सूरजपुर में इस वर्ष सजेगा सरगुजा संभाग स्तरीय माता कर्मा जयंती का भव्य मंच, साहू समाज की महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय

Mata Karma Jayanti 2026 Surajpur सूरजपुर। साहू समाज द्वारा सरगुजा संभाग स्तरीय माता कर्मा जयंती का भव्य आयोजन इस वर्ष सूरजपुर जिले में किया जाएगा। यह निर्णय 1 मार्च 2026 को मंगल भवन, सूरजपुर में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निरेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत जिला अध्यक्ष राम लल्लू साहू और संरक्षक रामकृपाल साहू ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. निरेंद्र साहू ने समाज में एकजुटता और सामाजिक समरसता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न संभागों में अलग-अलग आयोजनों के माध्यम से समाज को संगठित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि रायपुर संभाग में माता राजिम जयंती, बिलासपुर में सत्यनारायण बाबा तपस्या दिवस, दुर्ग में माता भानेश्वरी जयंती और बस्तर में माता तेलीन सति दाई जयंती का आयोजन प्रस्तावित है।

बैठक के दौरान प्रदेश और विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों के साथ संगठन को मजबूत बनाने और आयोजन को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। डॉ. साहू ने सभी को आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उपस्थित पदाधिकारियों ने सूरजपुर में होने वाले संभाग स्तरीय आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रामबिलास साहू, संगठन सचिव राम प्राण साहू, पूर्व अध्यक्ष राजेश साहू, संरक्षक जोखन साहू, जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष गैबीनाथ साहू, महिला उपाध्यक्ष देवमुनिया साहू, मुकेश साहू, महेंद्र साहू सहित अन्य पदाधिकारी और समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

साहू समाज के लिए माता कर्मा जयंती केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सूरजपुर में होने वाला यह आयोजन समाज के लोगों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा तथा एकता का सशक्त संदेश देगा।

Read More : सूरजपुर में होली पर कड़ी सुरक्षा, 60 पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार करेंगी गश्त, 600 से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात


Related Articles