दुर्ग के पूर्व सैनिक ने पीएम सूर्य घर योजना से रचा मिसाल, साल भर में खपत से दोगुनी बिजली पैदा कर बिजली बिल लगभग किया खत्म

दुर्ग के पूर्व सैनिक ने पीएम सूर्य घर योजना से रचा मिसाल, साल भर में खपत से दोगुनी बिजली पैदा कर बिजली बिल लगभग किया खत्म

PM Surya Ghar Yojana दुर्ग। केंद्र सरकार की ‘‘पीएम सूर्य घर योजना’’ के तहत सोलर ऊर्जा अपनाकर दुर्ग जिले के ग्राम धनोरा निवासी और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जवान जयपाल ने ऊर्जा आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। वर्तमान में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत जयपाल ने अपने घर की छत पर तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया है, जिससे उन्हें बिजली बिल से लगभग पूरी तरह राहत मिल गई है और वे अपनी खपत से अधिक बिजली उत्पादन भी कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार जयपाल ने करीब एक साल पहले अपने घर पर सोलर सिस्टम स्थापित कराया था। जनवरी 2025 से अब तक उनके सोलर पैनल से कुल 4870 यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ है। इसमें से 2008 यूनिट बिजली उन्होंने स्वयं उपयोग की, जबकि शेष 2862 यूनिट बिजली ग्रिड में भेज दी गई। इसके बदले बिजली विभाग की ओर से उन्हें अब तक 17,414 रुपये का सोलर रिबेट दिया गया है, जिसे उनके बिजली बिल में समायोजित किया गया है। पहले जहां उनका मासिक बिजली बिल 2000 से 2500 रुपये तक आता था, वहीं अब उनका बिल लगभग शून्य या माइनस में आ रहा है।


जयपाल का कहना है कि सोलर पैनल लगाने के बाद उन्हें किसी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा है और इसका रखरखाव भी बेहद आसान है। वे बताते हैं कि सुबह सूरज निकलने से पहले पानी से पैनल को एक बार धो देने से यह साफ रहता है और बेहतर तरीके से काम करता है। इसके अलावा छत पर पैनल लगने से पानी की टंकियों को भी छाया मिलती है, जिससे टंकी का पानी अपेक्षाकृत ठंडा बना रहता है।


अपनी सफलता से उत्साहित होकर जयपाल ने अपने पड़ोसियों को भी सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया है, जिसके बाद आसपास के कई लोगों ने भी अपने घरों में सोलर सिस्टम लगवा लिया है। जयपाल का कहना है कि वे चाहते हैं कि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं ताकि बिजली बिल से राहत मिले और लोग आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने इसके लिए शासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ‘‘सूर्य घर योजना’’ आम लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।


Related Articles