Utai Rice Mill Fire Incident उतई। दुर्ग जिले के उतई स्थित रामजानकी राइस मिल करगाडीह में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग मिल परिसर में रखे खाली बारदानों में लगी, जिसकी लपटों ने देखते ही देखते आसपास के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है, हालांकि राइस मिल संचालक ने फिलहाल सटीक नुकसान का आंकड़ा बताने में असमर्थता जताई है।
जानकारी के अनुसार आग लगने से मिल में रखे धान और चावल पर भी असर पड़ा है। आग की तेज लपटों और धुएं के कारण आसपास के लोगों में भी हड़कंप की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचाए गए। इसके साथ ही जेसीबी मशीन और नगर पंचायत उतई से पेयजल वाहन भी भेजा गया, जिससे आग बुझाने के प्रयास तेज किए गए।
राइस मिल संचालक रामसिंह साहू ने बताया कि आग लगने की घटना अचानक हुई, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों और स्थानीय प्रशासन की टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अब तक करीब 80 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

