Durg Crime News दुर्ग। जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में एक नाबालिग द्वारा रची गई झूठी अपहरण की साजिश से म्यूल खाता खरीद-बिक्री के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। नाबालिग ने अपने परिजनों को फोन कर पहले अपहरण की झूठी कहानी सुनाई और फिर फिरौती के नाम पर पैसे मांगने लगा। पुलिस जांच में सामने आया कि वह म्यूल खाते बेचने के लिए झारखंड के धनबाद गया था और डर के कारण उसने अपने अपहरण की साजिश रच दी थी। मामले में पुलिस ने धनबाद और झारसुगुड़ा से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार 3 मार्च को नाबालिग घर से अपने दोस्त की शादी में शामिल होने की बात कहकर निकला था। अगले दिन 4 मार्च को उसने धनबाद से अपने बड़े भाई आशीष ठाकुर को व्हाट्सएप कॉल कर बताया कि उसका अपहरण हो गया है और अपहरणकर्ताओं ने उससे 3 लाख रुपए की मांग की है। बाद में बातचीत के दौरान यह रकम घटकर 50 हजार रुपए तक पहुंच गई। भाई ने इस संबंध में भिलाई-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
कुछ समय बाद नाबालिग ने फिर फोन कर बताया कि अपहरणकर्ता उसे छोड़ चुके हैं और वह घर लौट रहा है। इस पर पुलिस को पूरे मामले पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और टीम को धनबाद रवाना किया। रास्ते में ही नाबालिग को रोककर पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने दोस्तों के साथ मिलकर अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी।
पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग म्यूल खाते खरीदने और बेचने के काम में शामिल था। म्यूल खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं जिनका इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी या संदिग्ध लेन-देन के लिए किया जाता है। इस बार वह म्यूल खाते बेचने के लिए धनबाद गया था, लेकिन जिन लोगों से उसकी बात हुई थी उन्होंने खाते खरीदने से मना कर दिया। वहीं पहले दिए गए एडवांस पैसे वापस करने का दबाव भी बनाया गया, जिससे वह घबरा गया और डर के कारण उसने अपने अपहरण की झूठी साजिश रच दी।
पुलिस नाबालिग को लेकर धनबाद पहुंची और घटनास्थलों की जांच की। जांच के दौरान दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है। वहीं इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। मामले में बीएनएस की धारा 3(5), 318(4) और 62 के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

