CG Raipur News: रायपुर। VIP रोड स्थित हाइपर क्लब में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साधारण-सी बातचीत ने विवाद का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, एक युवक द्वारा युवती को “हाय” बोलने पर दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, जिसके बाद मामला तेजी से बढ़ते हुए झूमाझटकी और मारपीट में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में हुई कहासुनी कुछ ही देर में धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। क्लब में मौजूद सुरक्षा गार्ड हालात को नियंत्रित करने में असफल नजर आए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के बीच तनाव काफी बढ़ चुका था। पुलिस की मौजूदगी में भी हंगामा जारी रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद एक बार फिर शहर के क्लब कल्चर और वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि देर रात संचालित होने वाले क्लबों में निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।

