रायपुर में 5 लाख की ठगी, चांदी के सिक्कों का झांसा देकर कारोबारी को बनाया शिकार

रायपुर में 5 लाख की ठगी, चांदी के सिक्कों का झांसा देकर कारोबारी को बनाया शिकार

Raipur Fraud News रायपुर। राजधानी रायपुर में एक कारोबारी से पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने असली चांदी के पुराने सिक्कों का झांसा देकर व्यापारी से नकद रकम और सोने के जेवरात ले लिए और बदले में नकली सिक्कों की पोटली थमा कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार अमलीडीह निवासी कारोबारी मुरली केसरवानी से आरोपियों ने संपर्क कर अपने पास बड़ी मात्रा में पुराने चांदी के सिक्के होने का दावा किया। मुख्य आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों ने शुरुआत में कुछ असली सिक्के दिखाकर मुरली केसरवानी का भरोसा जीत लिया। इसके बाद बाजार कीमत से कम दर पर चांदी देने का लालच देकर सौदा तय कर लिया गया।

ठगों की बातों में आकर मुरली केसरवानी ने तय स्थान पर आरोपियों से मुलाकात की और उन्हें पांच लाख रुपये नकद के साथ कुछ सोने के जेवरात भी दे दिए। जैसे ही आरोपियों के हाथ पैसे और जेवरात लगे, वे मौके से जल्दी में फरार हो गए।

आरोपियों के जाने के बाद जब मुरली केसरवानी ने सिक्कों की पोटली खोलकर जांच की तो उनके होश उड़ गए। पोटली के ऊपर रखे कुछ सिक्कों को छोड़कर अंदर के बाकी सभी सिक्के नकली और सस्ती धातु के निकले। खुद को ठगा महसूस करने के बाद उन्होंने तुरंत न्यू राजेंद्र नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी अमर कुमार और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस अमलीडीह और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।


Related Articles