सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोट चंदरपुर गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी चार वर्षीय बेटी शामिल हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, परिवार ने ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर पत्थर कोयला जलाकर सिगड़ी रखी थी और उसी कमरे में सो गए थे। कमरे में खिड़की या रोशनदान नहीं होने के कारण धुआं भर गया, जिससे दम घुटने से तीनों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय कवल सिंह, उनकी 25 वर्षीय पत्नी कुंती और उनकी चार साल की मासूम बच्ची के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है, जब परिवार गहरी नींद में सो रहा था। आशंका जताई जा रही है कि जहरीली गैस के प्रभाव से यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

