CG Kawardha News: कवर्धा। चैत्र नवरात्रि पंचमी के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के वनांचल ग्राम बद्दो में किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 11.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भोरमदेव सकरी फीडर नहर विस्तारीकरण कार्य का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के 6 गांवों-बाघुटोला, लाटा, खिरसाली, बद्दो, रघ्घुपारा और छपरी के किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी। नहर विस्तार के माध्यम से लगभग 770 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे किसानों की उत्पादन क्षमता और आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नहर के विस्तार से हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और खेतों तक पानी की आसान पहुंच सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि स्थायी सिंचाई सुविधा मिलने से फसलों की गुणवत्ता बेहतर होगी और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं, बल्कि किसानों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
उपमुख्यमंत्री ने जनभागीदारी पर जोर देते हुए किसानों से अपील की कि वे इस परियोजना को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय सहभागिता से ही ऐसे बड़े कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हो पाते हैं। साथ ही अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
योजना के तहत 635 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की कमी को दूर किया जाएगा, जबकि कुल 770 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की सिंचाई सुनिश्चित होगी। नहर के सर्विस बैंक निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा भी मिलेगी। सिंचाई सुविधा मिलने से किसान अब एक से अधिक फसल लेने में सक्षम होंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
सरकार द्वारा क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। यह परियोजना न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि ग्रामीण विकास को भी नई दिशा देगी।

