रायपुर, शुभम वर्मा। राजधानी रायपुर से मानवता को झकझोर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप 55 वर्षीय अब्दुल सज्जाद अंसारी पर लगा है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी राजा तालाब इलाके में चूड़ी की दुकान चलाता है और साथ ही चॉकलेट, नड्डा व मुर्रा भी बेचता था। आरोप है कि उसने बच्ची को खाने-पीने का लालच देकर अपने साथ ले गया। 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच आरोपी ने कई बार बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। यह पूरा मामला तब सामने जब नहाते समय दर्द होने पर बच्ची ने अपनी चाची को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया।
इस मामले को लेकर एएसपी सिटी तारकेश्वर पटेल ने बताया कि आरोपी पुलिस कस्टडी में है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
इधर, नाबालिग से हुई इस हैवानियत के विरोध में जनआक्रोश भी देखने को मिला। बुधवार को पीड़िता के परिजनों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गृहमंत्री के निवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने और मामले में त्वरित न्याय की मांग की। घेराव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और दोषी को कानून के अनुसार सख्त सजा दिलाई जाएगी।

