रायपुर में 3 साल की मासूम के दिल में छेद, आंगनबाड़ी के हेल्थ चेकअप में मिली जानकारी, अस्पताल में इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटी

रायपुर में 3 साल की मासूम के दिल में छेद, आंगनबाड़ी के हेल्थ चेकअप में मिली जानकारी, अस्पताल में इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौटी

Raipur Child Heart Treatment News : रायपुर के चंगोराभांटा क्षेत्र की तीन वर्षीय नम्रता आज पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी रही है। कभी हल्की दौड़ में ही थक जाने वाली यह बच्ची अब खिलखिलाकर हंसती है, अपने टेडी बियर से बातें करती है और घर में अपनी टॉय कार दौड़ाती फिरती है। उसके माता-पिता के लिए यह किसी चमत्कार से कम नहीं, क्योंकि नम्रता के हृदय में जन्मजात छेद था, जिसकी समय पर पहचान और उपचार से उसकी जान बच सकी।

नम्रता के पिता प्रशांत कुमार यादव पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि माता मेघा यादव गृहिणी हैं। वह पास की आंगनबाड़ी में जाती थी और अन्य बच्चों के साथ खेलती थी, लेकिन अक्सर जल्दी थक जाती थी। 22 जनवरी को आंगनबाड़ी में चल रहे “प्रोजेक्ट धड़कन” के तहत स्वास्थ्य जांच के दौरान विशेष स्टेथोस्कोप से परीक्षण में विशेषज्ञों को हृदय में छेद होने के संकेत मिले। टीम ने तत्काल परिजनों को जानकारी दी और आगे की जांच की सलाह दी।

23 जनवरी को नम्रता को सत्य साई संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां ईको जांच में हृदय में छेद की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने तत्काल सर्जरी की सलाह दी। प्रोजेक्ट धड़कन टीम और अस्पताल प्रबंधन के समन्वय से 24 जनवरी को सफल ऑपरेशन किया गया। पूरा इलाज निःशुल्क हुआ और 27 जनवरी को नम्रता स्वस्थ होकर घर लौट आई।

यह उपचार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट धड़कन” के अंतर्गत किया गया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की पहल पर आंगनबाड़ी और स्कूलों में बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है। विशेष उपकरणों से जन्मजात हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की पहचान कर जरूरतमंद बच्चों का निःशुल्क उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।

नम्रता के माता-पिता भावुक होकर बताते हैं कि उन्हें बेटी की बीमारी का अंदाजा तक नहीं था। स्क्रीनिंग के तीन दिन के भीतर ऑपरेशन हो जाना उनके लिए बड़ी राहत साबित हुआ। अब नम्रता पूरी तरह स्वस्थ है और अपने दोस्तों के साथ सामान्य बचपन जी रही है।

Read More : रायपुर में बैडमिंटन खेलते-खेलते कारोबारी की हार्ट-अटैक से मौत, कोर्ट में शॉर्ट मारते ही अचानक गिर पड़े


Related Articles