Raigarh Student Death News रायगढ़। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के आवासीय परिसर में बुधवार सुबह एक दुखद घटना में 12वीं की छात्रा की छत से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आज उसका बोर्ड परीक्षा का पहला पेपर था।
मृतका की पहचान अनन्या सर्वे के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित टाइप-6 भवन की तीसरी मंजिल पर रहती थी। सुबह करीब 6 बजे वह छत पर टहल रही थी, तभी अचानक नीचे गिर गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
अनन्या के पिता राजेश सर्वे मेडिकल कॉलेज की स्थापना शाखा में कर्मचारी हैं। घटना के बाद पूरे आवासीय परिसर में शोक का माहौल है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को बिलासपुर के गनियारी ले जाया गया।
स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि इसी भवन से करीब सात वर्ष पहले भी एक बुजुर्ग महिला के छत से गिरने की घटना में मौत हो चुकी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।

