भुवनेश्वर। केंद्र सरकार में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता देवेंद्र प्रधान का सोमवार सुबह 10:30 पर दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। बता दें कि देवेंद्र प्रधान अटल बिहार वाजपेयी की सरकार में परिवहन मंत्री रहे थे। इसके अलावा वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। देवेंद्र प्रधान राजनीति में आने से पहले सरकारी डॉक्टर थे।
भुवनेश्वर लाया जाएगा पार्थिव शरीर
जानकारी के अनुसार, एम्स दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर लाया जाएगा। इसके बाद वहां से भुवनेश्वर और फिर पुरी स्वर्ग द्वार ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
श्रद्धांजलि देने पहुंते पीएम मोदी

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पिता डॉ. देवेंद्र प्रधान के निधन की खबर मिलने के बाद पीएम मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
16 जुलाई 1941को हुआ जन्म
देवेन्द्र प्रधान का जन्म 16 जुलाई 1941 को अविभक्त ढेंकानाल जिले में हुआ था। जानकारी के मुताबिक पेशे से डॉक्टर देवेंद्र प्रधान की दृढ़ इच्छाशक्ति ने उन्हें राजनीति में खींच लाई।
1966 में किया MBBS
डॉक्टर देवेंद्र प्रधान राजनेता से पहले एक पेशेवर डॉक्टर थे। उन्होंने कटक एससीबी मेडिकल कॉलेज से 1966 में एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद तालचेर डेरा में अतिरिक्त मेडिकल अधिकारी के रूप में 1967 में कार्य आरंभ किया। 1973 में सरकार नौकरी से इस्तीफा देने के बाद भी वह अपनी सेवा देते रहे। इसके बाद 1980 में उन्होंने राजनीति क्षेत्र में कदम रखा।
भाजपा में निभाई कई अहम पदों की जिम्मेदारी
देवेंद्र प्रधान 1980 से 1983 तक तालचेर मंडल के अध्यक्ष के तौर पर निर्वाचित हुए। इसके बाद 1983 से 1985, एवं 1985 से 1988 तक ढेंकानाल जिले भाजपा अध्यक्ष का दायित्व निभाया।
बाद में वह 1988 से 1990 एवं 1993 से 1995 तक दो बार राज्य भाजपा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई थी। इसके बाद 1997 से 1998 तक वह भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बने।
वाजपेयी की सरकार में बने केंद्रीय मंत्री
- 1998 में आयोजित 12वें लोकसभा चुनाव में वे देवगड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और चुनाव जीतकर संसद पहुंचे। बाद में उन्होंने वाजपेयी की सरकार में केंद्र मंत्री के तौर पर दायित्व संभाला।
- इसके बाद 13वें लोकसभा चुनाव में पुन: देवगड़ लोकसभा सीट से चुनाव लड़े और चुनाव जीतकर संसद पहुंचे और फिर वाजपेयी सरकार में मंत्री बने।
ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने में देवेंद्र प्रधान की महती भूमिका रही है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का कार्यभार भी संभाला था। राजनीति में आने से पहले देवेंद्र प्रधान सरकारी डॉक्टर थे।
मुख्यमंत्री माझी और पूर्व सीएम नवीन ने जताया शोक
पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रधान के निधन पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शोक जताया है।
माझी ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय प्रधान एक लोकप्रिय जन नेता और एक योग्य सांसद थे। 1999 से 2001 तक उन्होंने केंद्रीय परिवहन और कृषि मंत्री के रूप में कुशलतापूर्वक कार्य किया।
वह एक जनप्रतिनिधि और सांसद के रूप में कई जनकल्याणकारी कार्य करके आम आदमी का दिल जीतने में सक्षम रहे।
उन्होंने प्रदेश के विकास में अहम योगदान दिया है। स्वर्गीय प्रधान ने प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष के रूप में एक मजबूत नेतृत्व देकर ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी के उदय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
धर्मेंद्र प्रधान से सीएम ने फोन पर की बात
सीएम माझी ने आगे कहा कि सेवा और संकल्प की भावना से उन्होंने अपना पूरा जीवन प्रदेश के विकास के लिए समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस महान व्यक्तित्व के निधन से देश और प्रदेश ने एक प्रतिष्ठित जनसेवक खो दिया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री माझी ने उनके पुत्र और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर इस दुख की घड़ी में उन्हें सहन करने की शक्ति दे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से फोन पर बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
लोकप्रिय राजनेता खो दिया : नवीन पटनायक
वहीं, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रधान के निधन पर शोक प्रकट किया।
उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत डॉ. प्रधान को उनके अद्वितीय संगठनात्मक कौशल और अदम्य व्यक्तित्व के लिए याद किया जाएगा।
उन्होंने दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण विभागों को संभालकर अपना प्रशासनिक कौशल दिखाया।
पटनायक ने अपने शोक संदेश में कहा कि राज्य ने डॉ. प्रधान के निधन से एक प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्तित्व और लोकप्रिय राजनेता खो दिया है।