रायगढ़ः छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में आज नई सरकार का फैसला हो रहा है। 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषद, 114 नगर पंचायतों के लिए वोटों की गिनती 9 बजे से शुरू हो गई है। कई जगहों से परिणामों के आने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर में बीजेपी मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे से 1 लाख से ज्यादा वोट से आगे चल रही हैं। इसी के साथ ही उसकी जीत पक्की मानी जा रही है। पार्षदों की बात करें तो 6 वार्डों में बीजेपी के प्रत्याशी और एक वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी की जीत हो चुकी है। कांग्रेस से एजाज ढेबर भगवतीचरण शुक्ल वार्ड से चुनाव हार गए हैं, जबकि उनकी पत्नी अर्जुमन ढेबर अपने वार्ड में जीत गई हैं।
बता दें कि अब तक 6 नगर निगमों भाजपा ने जीत दर्ज कर ली है। अंबिकापुर में मंजूषा भगत ने 5000 वोटों से कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की को हराया है। साथ ही चिरमिरी में कांग्रेस प्रत्याशी विनय जायसवाल रामनरेश राय से 4000 वोटों से हार गए हैं। रायगढ़ नगर निगम में बीजेपी मेयर प्रत्याशी जीववर्धन चौहान जीत गए हैं। वहीं 6 निगम में बीजेपी लीड कर रही है।
जानें अन्य जगहों का हाल
भानुप्रतापपुर, पखांजूर नपं अध्यक्ष पद पर BJP ने कब्जा कर लिया है। वहीं सूरजपुर नगर पालिका में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। CM के क्षेत्र कुनकुरी में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी विनय शील ने भाजपा प्रत्याशी सुतबल यादव को हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा कर लिया है। 10 निगमों में भाजपा आगे चल रही है।