नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर जाएंगे। पीएम मोदी का अमेरिकी दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कथित अवैध भारतीयों को निकाले जाने के दौरान हुई बदसलूकी को लेकर बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने अमेरिका से 100 से अधिक अवैध प्रवासी भारतीयों को वापस भेजे जाने और उनके साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने के खिलाफ बृहस्पतिवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया था।
पीएम मोदी के विदेश दौरे की बात करें, तो वह इस महीने दो महत्वपूर्ण विदेशी यात्राएं करेंगे। वे 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस की यात्रा करेंगे और इसके तुरंत बाद 12 से 13 फरवरी को अमेरिका का आधिकारिक दौरा करेंगे। इस यात्रा के दौरान भारत और इन दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने पर चर्चा होगी। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के देश के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद मोदी की यह पहली अमेरिका यात्रा होगी।
फ्रांस यात्रा: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस समिट में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
विक्रम मिस्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर 10 से 12 फरवरी 2025 तक फ्रांस की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इस दौरान वे “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एक्शन समिट” में भाग लेंगे, जिसका आयोजन फ्रांस कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों इस शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। पीएम मोदी 10 फरवरी की शाम पेरिस पहुंचेंगे, जहां Élysée Palace में राष्ट्रपति मैक्रों द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे। इस विशेष आयोजन में तकनीकी क्षेत्र के दिग्गज सीईओ और अन्य प्रतिष्ठित अतिथि भी मौजूद रहेंगे। 11 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों मिलकर AI एक्शन समिट की अध्यक्षता करेंगे। यह वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव और इसके संभावित खतरों से निपटने की रणनीतियों पर चर्चा के लिए आयोजित किया गया है। इस तरह का पहला सम्मेलन 2023 में यूके, और दूसरा 2024 में दक्षिण कोरिया में हुआ था।
अमेरिका यात्रा: ट्रंप प्रशासन के साथ मजबूत रिश्तों की ओर भारत
फ्रांस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी 12 और 13 फरवरी को अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। यह दौरा अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निमंत्रण पर हो रहा है। यह उनके दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद पीएम मोदी की पहली अमेरिका यात्रा होगी। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि मोदी उन पहले कुछ विश्व नेताओं में से होंगे, जिन्हें ट्रंप प्रशासन के कार्यभार संभालने के तीन सप्ताह के भीतर अमेरिका आने का निमंत्रण मिला है। यह भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी के महत्व को दर्शाता है और अमेरिकी राजनीति में द्विदलीय समर्थन को भी प्रतिबिंबित करता है।