Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक बंदी पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद पिछले 18 साल से फरार है। 10 दिन की पैरोल मिलने के बाद जेल से निकला गणेश देवांगन निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा। अब करीब 18 साल बाद केंद्रीय जेल प्रशासन की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने उसके खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बंदी गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन को 23 जुलाई 2008 को केंद्रीय जेल रायपुर से 10 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद उसे जेल में वापस दाखिल होना था, लेकिन वह निर्धारित तारीख पर नहीं लौटा। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
इस मामले में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर फरार बंदी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पत्र के मुताबिक, बंदी क्रमांक 9480/95 गणेश देवांगन को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश पर पैरोल दी गई थी। निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद उसके वापस नहीं लौटने पर जेल प्रशासन ने पहले भी पुलिस से पत्राचार किया था।
बंदी का पुराना पता पुरानी बस्ती क्षेत्र के मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक का बताया गया है। संबंधित दस्तावेजों और थाना सीमा की जांच के बाद मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का पाया गया।
जेल अधीक्षक ने अपने पत्र में यह भी बताया कि मामला उच्च न्यायालय से संबंधित है। ऐसे में फरार बंदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी और दर्ज FIR की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था।
केंद्रीय जेल प्रशासन से मिले पत्र और दस्तावेजों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गणेश देवांगन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। करीब 18 साल से फरार बंदी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार करना पुलिस के सामने चुनौती है।

